सीएम शिवराज ने 2023 के बजट को लेकर कही ये बड़ी बात

Author Picture
By Sharma Published On: February 1, 2023

भोपाल। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने आज आम बजट पेश किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बजट को मिडिल क्लास के लिए राहत बताया है। उन्होंने कहा, बजट में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी है। इनकम टैक्स छूट की सीमा में वृद्धि और नई कर व्यवस्था में बदलाव से लोगों के हाथ में अधिक पैसा बचेगा, खपत बढ़ेगी और विकास को गति मिलेगी।

बजट देश की जीडीपी में निर्मला सीतारमण के निस्वार्थ योगदान का सम्मान करता है। यह सही अर्थों में जन भावनाओं का सम्मान कर नागरिकों और राष्ट्र के हित में फैसले लेने वाली सरकार है। कैपिटल एक्सपेंडिचर बजट को 33% बढ़ाकर 10 लाख करोड़ रुपए करने से बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलेगा। भारत की विकास क्षमता को बढ़ावा मिलेगा और नौकरियां पैदा होंगी।

कृषि ऋण लक्ष्य को बढ़ाकर 20 लाख करोड़ रुपए करने से किसानों को अत्यंत आवश्यक वित्त उपलब्ध होगा और खाद्यान्न उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। फार्म इनपुट मार्केट इंटेलिजेंस और एग्रीटेक स्टार्टअप्स के लिए समर्थन एक लाभदायक कृषि पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करेगा। 3 साल में देश के एक करोड़ किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का अच्छा फैसला है। यह प्रकृति के संरक्षण एवं नागरिकों के पोषण को सुनिश्चित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।

वरिष्ठ नागरिक बचत योजना निवेश सीमा को दोगुना कर रु. 30 लाख किया गया है। यह वरिष्ठ नागरिकों को पीएम मोदी का उपहार है। इससे उन्हें अपनी दैनिक जरूरतों, चिकित्सा और तीर्थ यात्रा के खर्चों को पूरा करने में मदद मिलेगी। आवासीय एकलव्य मॉडल विद्यालय के लिए 38000 शैक्षणिक एवं सहायक स्टाफ की भर्ती की घोषणा भी अभिनंदनीय है।