कोरोना के आंकड़ों ने फिर डराया, इन राज्यों में फिर बढ़ रहा कोरोना

Author Picture
By Sharma Published On: June 16, 2022

नई दिल्ली। देश में फिर कोरोना वायरस की नई लहर ने दस्तक दी है। दिल्ली और मुंबई में कोविड केसों में उछाल देखने को मिला है। मुंबई में 22 फीसदी मामलों में वृद्धि हुई है। वहीं देश की राजधानी में 22 प्रतिशत ज्यादा नए केस सामने आए हैं। मुंबई में बुधवार को 2293 नए केस दर्ज हुए, जो 23 जनवरी के बाद सबसे अधिक दैनिक मामले हैं। दिल्ली में कोविड के 1375 नए केस और दो मौते हुई हैं।

नागरिक निकाय बृहन्मुंबई नगर निगम ने मेडिकल बुलेटिन में कहा कि बुधवार को शहर में कोरोना वायरस के 2293 नए केस दर्ज किए गए। संक्रमण के अलावा कोविड से एक मौत हुई है। बीएमसी ने कहा, शहर में कोविड मामलों की संख्या बढ़कर 10,85,882 हो गई है। वहीं मौतों की संख्या बढ़कर 19,576 है। पांच महीने बाद दो हजार दैनिक केसों का आंकड़ा पार हुआ है। 23 जनवरी को 2550 कोविड केस दर्ज हुए थे। वहीं 13 मरीजों की जान गई।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार राजधानी में बुधवार को 1375 नए केस सामने आए है। सकारात्मकता दर बढ़कर 7.10% हो गई, जो मंगलवार को 6.50 फीसदी थी। इससे पहले मंगलवार को दिल्ली में 1118 नए मामले और दो मौतों हुई। राजधानी में कोविड-19 केस की संख्या बढ़कर 19,15,905 हो गई, जबकि मृतकों की संख्या 26,223 है।