दिल्ली पब्लिक स्कूल प्राचार्य की कार दुर्घटना में मौत

Author Picture
By Sharma Published On: January 17, 2023

उज्जैन। दिल्ली पब्लिक स्कूल उज्जैन की प्राचार्य की सोमवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वे इंदौर से कार से उज्जैन आ रही थीं। नागझिरी थाना अंतर्गत ग्राम धतरावदा के समीप उनकी कार पेड़ से टकराई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

पुलिस ने बताया कि 60 वर्षीय रेखा पत्नी शशिधर पिल्लई निवासी निपानिया शिव वाटिका, इंदौर, उज्जैन के जयवंतपुरा स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल की प्राचार्य थीं। सोमवार को वह खुद कार ड्राइव कर उज्जैन जा रही थीं। नागझिरी थाना क्षेत्र के ग्राम धतरावदा में कार पेड़ से टकरा गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीण कार से शव निकालकर अस्पताल पहुंचे। आशंका जताई जा रही है कि कार के सामने कोई जानवर आ गया था। उसे बचाने के चक्कर में कार पेड़ से टकरा गई। मृतका के पति चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं तथा उनका एक पुत्र त्रिदेव सिंगापुर में रहता है।

 

गत पांच वर्षों से प्राचार्य की कार चला रहे अरुण निवासी करौंदिया (उज्जैन) ने बताया कि मैडम ने उसे इंदौर में एक फ्लैट दे रखा है। सोमवार शाम से शनिवार सुबह तक वह मैडम को इंदौर से कार से उज्जैन लाता व ले जाता था। शनिवार शाम वह उज्जैन में अपने परिवार के साथ रुकता था। शनिवार शाम मैडम कार ड्राइव करके इंदौर ले जाती थी और सोमवार सुबह वापस खुद चलाकर उज्जैन आती थीं। धतरावदा के आसपास काफी नीलगाय हैं। आशंका है कि नीलगाय को बचाने के चक्कर में ही मैडम की कार असंतुलित हुई और पेड़ से टकरा गई।