MP के इस जिले में महसूस किए भूकंप के झटके

Author Picture
By Sharma Published On: August 25, 2022

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी में गुरुवार सुबह एक बार फिर भूकंप का तगड़ा झटका महसूस किया गया। सुबह करीब 5.20 बजे धरती हिलने से घर में मौजूद लोग सहम गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक सबकुछ सामान्य हो गया। भूकंप का झटका महसूस होने के बाद इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने इसकी जानकारी दी। हालांकि, भूकंप मापी पर जिले में भूकंप दर्ज नहीं हुआ है। भूकंप के इन हल्के झटकों से कोई बड़ी हानि सामने नहीं आई है।

 

भूकंप के हल्के झटके वर्षा के बाद बीते तीन वर्षों से लगातार डूंडा सिवनी के चूना भट्टी सहित शहर से लगे कुछ इलाकों में आ रहे हैं। भूविज्ञानियों के मुताबिक वर्षा का पानी दरारों के जरिए गहराई में पहुंचने के कारण तैयार ऊर्जा के बाहर निकलने से यह झटके महसूस किए जा रहे हैं। बारिश थमने के कुछ महीनों बाद यह स्वतः समाप्त हो जाते हैं।

 

गुरुवार को सुबह भूकंप एक जोरदार धमाके के साथ हुआ। लोगों ने धम्म जैसी आवाज महसूस की। इसके साथ ही कुछ लोग घरों से बाहर निकल गए तथा कुत्ते भी जोर-जोर से भौकने लगे। नगर के कबीर वार्ड डूंडा सिवनी, टैगोर वार्ड, महावीर वार्ड क्षेत्र के लोगों ने बताया कि गुरुवार को सुबह वे घर के दूसरे माले पर सो रहे थे, तभी धम्म से आवाज आई। मकान हिला। वे तत्काल नीचे उतरे इसके साथ ही में गुरुवार को सुबह 5.20 बजे जमीन हिलने की खबरें लोग एक दूसरे को देने लगे।