महिला जिम ट्रेनर ने बदलवाया जेंडर, फिर हुआ ये

Author Picture
By Sharma Published On: November 20, 2022

उज्जैन। माधव नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला बीते दिनों अपने सात साल के बालक को छोड़कर लापता हो गई। पुलिस ने जांच के बाद उसे बरामद किया है। महिला की दोस्ती एक अन्य महिला जिम ट्रेनर से हो गई थी। जिम ट्रेनर ने एक साल पहले अपना जेंडर चेंज करवाया और बीते दिनों महिला को लेकर चली गई। पुलिस दोनों को राजस्थान के खाटू श्याम से लेकर आई है। महिला को काउंसलिंग के बाद पति के साथ भेज दिया।

टीआइ मनीष लोधा ने बताया कि थाना क्षेत्र निवासी महिला की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। जांच में पता चला कि महिला वर्ष 2018 में फिटनेस सेंटर में जाती थी। यहां उसकी दोस्ती जिम ट्रेनर से हो गई। दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों का प्यार इतना परवान चढ़ा कि जिम ट्रेनर ने महिला को पाने के लिए एक साल पहले अपना जेंडर तक बदलवा लिया था। इसके बाद 11 नवंबर को महिला अपने सात साल के बच्चे और पति को छोड़कर जिम ट्रेनर के साथ चली गई।

महिला ने पुलिस काउंसलिंग के दौरान बताया कि उसका पति ध्यान नहीं रखता था। वह अपने काम में व्यस्त रहता था। इसलिए उसने यह कदम उठाया। पति ने भी काउंसलिंग के दौरान अपनी यह गलती स्वीकारी। बाद में दोनों को समझाइश दी गई। इस पर दोनों मान गए और साथ चले गए। टीआइ लोधा ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान कई बिंदुओं पर पति-पत्नी की समझाइश दी गई। आगे से एक दूसरे का ध्यान रखने को कहा गया। इस पर दोनों मान गए।