उज्जैन महाकाल मंदिर में लगी आग, दहशत में श्रद्धालु

Author Picture
By Sharma Published On: July 22, 2022

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध उज्जैन महाकाल मंदिर परिसर में गुरुवार रात आग लग गई। इससे वहां खड़े श्रद्धालु दहशत में आ गए। देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, नागचंद्रेश्वर मंदिर के नीचे फोल्डिंग ब्रिज का कार्य चल रहा है। इस दौरान वेल्डिंग की चिंगारी से वहां रखे सामान में आग लग गई। जिस समय आग लगी तब मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। इसका VIDEO भी सामने आया है।

 

महाकाल मंदिर परिसर में आगामी 2 अगस्त को नागपंचमी पर्व को लेकर तैयारियां चल रही हैं। मंदिर में इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर के स्ट्रक्चर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फोल्डिंग ब्रिज तैयार किया जा रहा है। इसके माध्यम से श्रद्धालु नागचंद्रेश्वर मंदिर तक दर्शन को पहुंचेंगे। निर्माण कार्य के दौरान ब्रिज के नीचे प्लास्टिक, कागज और अन्य सामान रखा था। गुरुवार रात शयन आरती से पहले रात करीब 10 बजे चिंगारी से आग लग गई। इस दौरान वहां काम कर रहे लोग और कुछ कर्मचारियों ने हिम्मत दिखाते हुए आग पर काबू पाया।

 

महाकाल मंदिर में आग बुझाने के लिए फायर इस्टिंगुशर कितने हैं, कहां लगे हैं, ये कर्मचारियों को भी पता नहीं है। शुक्रवार को लगी आग अगर विकराल रूप ले लेती तो मुश्किल खड़ी हो सकती थी। गनीमत रही समय पर आग पर काबू पा लिया गया।