गूगल की मैनेजर को अगवा कर जबरदस्ती कराई शादी, फिर मांगी 50 लाख 

Author Picture
By Sharma Published On: October 15, 2022

भोपाल। गूगल के सीनियर मैनेजर को अगवा करके उसकी जबरदस्ती शादी कराने का मामला सामने आया है। मैनेजर का आरोप है कि यह शादी बिहार के ‘पकड़ौआ बियाह’ की तर्ज पर हुई है। मैनेजर की शिकायत के बाद कमला नगर पुलिस ने लड़की पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने दावा किया है कि लड़की पक्ष वाले उसे ब्लैकमेल कर रहे हैं। दबाव डाल रहे कि लड़की को अपनी पत्नी की तरह साथ रखे। उसे धमकी दे रहे हैं कि अगर उसने ऐसा नहीं किया तो बदले में उसे 50 लाख रुपए देने होंगे। पुलिस के मुताबिक पीड़ित गणेश शंकर (34) कस्तूरबा नगर में रहते हैं।

 

वे बेंगलुरु में गूगल में सीनियर मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं। गणेश ने पुलिस को बताया कि नेहरू नगर में रहने वाली एक युवती शिलॉन्ग स्थित आईआईएम में उसके साथ पढ़ती थीं। कॉलेज से 2014 में पासआउट होने के बाद दोनों 2019 में फिर मिले। 2020 में लड़की के माता-पिता उनके परिवार से मिले और शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। गणेश ने अपने शिकायती आवेदन में बताया कि वह लड़की की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर उसके बुलावे पर 21 जून को भोपाल आया। लड़की के भाई और जीजा उसे राजा भोज एयरपोर्ट पर लेने पहुंचे, गाड़ी में बैठाने के बाद बोले- अब उसे उन्हीं के इशारे पर चलना होगा।

 

यहां से उन्हें नेहरू नगर के एक फ्लैट में ले गए, जहां उसे बंधक बना लिया। यहां उन्होंने कई बार पीटा। खाने में नींद की गोलियां दीं। 25 जून को उसकी सगाई करा दी और 26 जून को शादी। शादी की रस्म पूरी नहीं हो पाई क्योंकि वो बेहोश हो गया था। गणेश ने पुलिस को बताया कि उसने शादी का विरोध किया तो लड़की वालों ने धमकी दी कि वो उसके परिवार को जान से मार देंगे। झूठा केस लगवाकर जेल भेज देंगे। सगाई और शादी के फोटो खींच लिए, लेकिन वह किसी तरह से भागकर वापस बेंगलुरु पहुंच गया। उसके बाद युवती के परिवार वाले उसे झूठी शादी के फोटो और वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे बदनाम कर रहे हैं।

 

 

लड़की के पिता कमलेश सिंह ने बताया कि उनकी बेटी और गणेश ने जुलाई, 2021 में शादी की जो बेंगलुरु के मैरिज रजिस्ट्रार ऑफिस में दर्ज है। गणेश ने मार्च 2022 में दूसरी शादी कर ली है, इसलिए वो ऐसा कर रहा है। मेरा छोटा भाई मप्र पुलिस में आला अफसर है उसके दबाव में ही हमारे खिलाफ केस दर्ज हुआ है। हमारी बेटी ने भोपाल कोर्ट में परिवाद दायर करने के साथ-साथ बेंगलुरु पुलिस में भी शिकायती आवेदन दिया है।