गहरी नींद में सो रही पत्नी के सीने और सिर पर पति ने मारा हथौड़ा 

Author Picture
By Sharma Published On: November 19, 2022

इंदौर। गहरी नींद में सो रही पत्नी को पता भी नहीं था कि उसके साथ क्या होने वाला है। हैवान पति उसकी छाती पर बैठ गया और बाल पकड़कर उसे झकझोर दिया। तभी पत्नी की नींद खुल गई। वो कुछ समझ पाती इससे पहले पति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान लोहे के हथौड़े से वार कर पत्नी को घायल कर दिया। जैसे-तैसे महिला ने पति से अपनी जान बचाई।

 

घटना इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र की है। यहां रहने वाली पीड़िता अनिता कसेरा उम्र 46 साल निवासी रामबली नगर की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति संजय कसेरा उम्र 48 साल के खिलाफ धारा 307, 294, 506 में केस दर्ज किया है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने बताया कि आरोपी संजय किराए से रहता है और मजदूरी का काम करता है। करीब दस दिन पहले भी घर में पति-पत्नी सहित अन्य परिवार वालों के बीच झगड़ा हुआ था तब साधारण मारपीट के मामले में पत्नी अनिता ने पति सहित सास, ननद के खिलाफ मल्हारगंज थाने में केस दर्ज करवाया था। जिसे लेकर पति संजय गुस्से में था और उसके पत्नी के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की कोशिश की।

 

 

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह साढ़े 5 बजे की है। अनिता गहरी नींद में थी। तभी पति संजय उसकी छाती के ऊपर बैठा और बाल पकड़कर उसे झकझोरते हुए गाली देने लगा। संजय ने अनिता से कहा कि आज तेरा खेल खत्म कर दूंगा। तेरी हिम्मत कैसे हुई, मेरे व घरवालों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट लिखवाने की। तुझे जान से खत्म कर दूंगा। इसके बाद संजय ने घर में रखे लोहे के हथौड़े से अनिता के सिर पर मार दिया। बाएं कान के पास हथौड़े के वार से अनिता को खून निकलने लगा। अनिता जोर-जोर से चिल्लाने लगी लेकिन संजय ने मारपीट बंद नहीं की। इस बीच अनिता को चक्कर आने लगे और वह बेसुध होने लगी व निढाल होकर जमीन पर बिछी चटाई पर गिर गई। यह देख पति संजय उसे मृत समझ छोड़ कर भाग गया। बाद में अनिता ने खुद को संभाला और मौका देख भागकर अपनी जान बचाई और भाई विशाल के घर जाकर उसे घटना बताई। अनिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया।