BJP से कांग्रेस में शामिल हुए विधायक के दफ्तर और गोदाम में इनकम टैक्स का छपा

Author Picture
By Sharma Published On: July 14, 2022

जबलपुर। तेंदूखेड़ा से कांग्रेस विधायक संजय शर्मा के घर, दफ्तर और गोदामों में सुबह 6 बजे से इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की रेड चल रही है। विधायक के नरसिंहपुर, कटनी, तेंदूखेड़ा के ठिकानों पर भी एक साथ छापा पड़ा है। टीम को आयकर चोरी की शिकायत मिली थी। ऐसी जानकारी है कि इससे जुड़े दस्तावेज भी टीम के हाथ भी लगे हैं। करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी का खुलासा हो सकता है। 2018 विधानसभा चुनाव से पहले संजय BJP छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

 

संजय शर्मा के तेंदूखेड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी में शराब और रेत से जुड़े कारोबार हैं। कुछ दिन पहले ही उन्हें जबलपुर की रेत खदानों का ठेका मिला है। सुबह 4 से 5 गाड़ियों में आयकर विभाग की टीम विधायक के तेंदूखेड़ा स्थित घर पहुंची। नरसिंहपुर, जबलपुर और कटनी में टीम सुबह 6 बजे पहुंच गई। टीम दस्तावेज खंगालने में जुटी है।

संजय शर्मा कद्दावर विधायक के रूप में जाने जाते हैं। ऐसे में कांग्रेस महकमे में भी हलचल मच गई है। टीम में जबलपुर के साथ ही इंदौर और ग्वालियर के आयकर अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हैं। जबलपुर स्थित हवाबाग कॉलोनी में भी संजय शर्मा का बंगला है। इसमें ताला लगा हुआ है। टीम इसे भी खुलवा सकती है।

 

 

आपको बात दे, संजय शर्मा कांग्रेस से ही भाजपा में शामिल हुए थे। तेंदूखेड़ा से भाजपा के टिकट पर विधानसभा पहुंचे थे। 2018 के विधानसभा चुनाव में शर्मा को लग रहा था कि इस बार भाजपा उनके स्थान पर किसी और को तेंदूखेड़ा से टिकट दे सकती है। इसीलिए उन्होंने घर वापसी का मन बना लिया था। वह फिर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने ही शर्मा की राहुल गांधी के समक्ष घर वापसी कराई थी। अपने बयान में उन्होंने कहा था कि भाजपा सरकार में घुटन महसूस कर रहा था। सीएम ने सिर्फ मेरे क्षेत्र में घोषणाएं कीं, लेकिन काम कुछ नहीं किया।