नदी पार करते समय जेठानी देवरानी की डूबने से हुई मौत

Author Picture
By Sharma Published On: September 14, 2022

खरगोन। खरगोन जिले के बिस्टान थाना क्षेत्र की दो महिलाओं की मंगलवार को नदी में डूबने से मौत हो गई। बिस्टान क्षेत्र के ग्राम आवली में खेत से लौटते समय इंद्रावती नदी पार कर रही दो महिलाएं अचानक बह गई। दोनों के शव पैनपुर उमरखली के पास चेक डेम से निकाले गए।

 

खेत के रास्ते में आने वाली इंद्रावती नदी पर पुलिया नहीं है। नदी पार करते समय उनका पैर फिसल गया। पैर फिसलने से वह नदी में गिर गई और तेज बहाव में बह गई। जिसमें मोरस बाई पति हेमचंद्र बंजारा (50) जेठानी और सकुबाई पति रसाल बंजारा (48) देवरानी निवासी आवंली की डूबने से मौत हुई। दोनों महिलाएं एक ही परिवार की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों मृतका महिलाएं सुबह खेत पर काम करने गई थी। गांव में कई लोगों के खेत नदी के दूसरे किनारे पर हैं। इसलिए दोपहर में काम करने के बाद दोनों महिलाएं वापस घर लौट रही थीं। इस दौरान यह घटना घटित हुई।

 

ग्रामीणों के द्वारा बार-बार पुलिया निर्माण मांग की जा रही थी। प्रशासन के द्वारा अब तक पुलिया का निर्माण नहीं किए जाने से यह हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि बिस्टान में रहने वाले पाटील समाज के अधिकतर लोगों के खेत नदी के उस पार है। ग्रामीणों को खेत में काम करने के लिए आए दिन जान का जोखिम उठा कर जाना पड़ता है। जिले में हो रही लगातार बारिश से नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। घटना के बाद जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।