पूर्व सीएम कमलनाथ के करीबी नेता ने दिया कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा

Author Picture
By Sharma Published On: September 16, 2022

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के करीबी और कांग्रेस के पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे ने आखिरकार कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को एक चिट्ठी लिखते हुए कांग्रेस पार्टी की सदस्यता और पार्टी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के साथ टीकमगढ़ जिला के प्रभार से इस्तीफा देने की बात की है। उन्होंने इस्तीफा देने की वजह पिछले साल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हुए बर्ताव से दुखी होने की बात बताई है।

 

चौबे को कमलनाथ का करीबी माना जाता है। उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा, मैं 30 साल से कांग्रेस पार्टी की सेवा कर रहा हूं। लेकिन हाल ही में खुरई में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ जो बर्ताव हुआ, उससे मैं और खुरई के सभी कार्यकर्ता दुखी हैं। अत: मैं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, टीकमगढ़ जिला प्रभारी और कांग्रेस के सदस्य पद से इस्तीफा दे रहा हूं।

 

अरुणोदय चौबे ने कहा, कुछ महीने पहले कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम कर रहे थे। उसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बहुत ज्यादतियां हुई। इसका प्रदेश कांग्रेस पार्टी की तरफ से कोई विरोध नहीं किया गया और न कोई जांच कमेटी बनी। जबकि घटना में 15 लोगों को जेल जाना पड़ा था। इससे दुखी होकर मैंने पीसीसी चीफ कमलनाथ को इस्तीफा दिया। मैंने 30 से 32 साल कांग्रेस की सेवा की है। अपना खून पसीना बहाया है, इसके बाद यह सिला मिला है। इसलिए निर्णय लिया कि ऐसी पार्टी के साथ नहीं रहना।

 

बता दें, खुरई से विधायक अरुणोदय चौबे के लंबे समय से बीजेपी में जाने की चर्चाएं चल रही हैं। उनके लिए नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बीजेपी में लाने का रास्ता बनाया है। इसी साल भूपेंद्र सिंह के जन्मदिन पर चौबे के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा थी। हालांकि, अरुणोदय चौबे ने अपने आगे के भविष्य के बारे में पूछे सवाल पर कहा कि जल्द ही पता चल जाएगा।