मंगल ग्रह ने किया मीन राशि में प्रवेश, इन राशियों पर ये पड़ेगा प्रभाव

Author Picture
By Sharma Published On: May 19, 2022

राशि। विगत मंगलवार को मंगल का मीन राशि में प्रवेश हो गया। मंगल 27 जून तक मीन में रहेंगे। इस ग्रह के राशि परिवर्तन से शनि-मंगल का अशुभ योग खत्म होगा। अब मीन राशि में गुरु, शुक्र और मंगल तीन ग्रहों की युति रहेगी। जिसका शुभ-अशुभ असर सभी राशियों पर होगा। ज्योतिष के अनुसार मंगल का प्रभाव युद्ध, भूमि, साहस, पराक्रम और बिजनेस पर भी होता है। साथ ही ये ग्रह वैवाहिक जीवन, भौतिक सुख-सुविधाओं और सफलता को भी प्रभावित करता है।

पंडित रामजीवन दुबे गुरुजी कहना है कि सोने-चांदी की कीमतें बढ़ सकती हैं। रेशमी कपड़े, प्लास्टिक और रसायनिक चीजों की कीमतें भी बढने के योग बन रहे हैं। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बाद तेजी आएगी। मशीनरी भी महंगी हो सकती हैं। इनके अलावा खाद्य पदार्थों की कीमतों में कमी आने की संभावना है। दलहन और तिलहन भी सस्ता होगा। इसके साथ ही प्रॉपर्टी की खरीदी-बिक्री के लिए सामान्य समय रहेगा। मंगल की वजह से हवाई या पानी से जुड़ी दुर्घटना होने की आशंका है। देश के कुछ हिस्सों में हवा के साथ बारिश रहेगी। भूकंप या अन्य तरह से प्राकृतिक आपदा आने की भी आशंका है। सेना और पुलिस विभाग से जुड़े बड़े मामले सामने आ सकते हैं। जल सेना की ताकत बढ़ेगी। देश की कानून व्यवस्था भी मजबूत होगी।

 

वृष, तुला और मकर राशि के लिए अच्छा समय

 

मंगल के राशि परिवर्तन से वृष, तुला और मकर राशि वालों के लिए अच्छा समय रहेगा। इन राशियों के लोगों को जॉब और बिजनेस में तरक्की के मौके मिल सकते हैं। कई मामलों में किस्मत का साथ मिलेगा। आर्थिक स्थिति में सुधार के योग हैं। सेहत के मामलों में भी समय अच्छा रहेगा। मंगल के प्रभाव से पुरानी परेशानियां और विवाद खत्म हो सकते हैं।

 

मंगल के प्रभाव से मिथुन, कर्क, कन्या, वृश्चिक और मीन राशि वाले लोगों के लिए मिला-जुला समय रहेगा। इन राशि वालों को कुछ मामलों में किस्मत का साथ मिल सकता है। फायदा भी होगा, लेकिन कामकाज में रुकावटें और अनचाहे बदलाव का भी सामना करना पड़ सकता है। सेहत के मामले में उतार-चढ़ाव वाला समय रहेगा।

 

मंगल के मीन राशि में आ जाने से मेष, सिंह, धनु और कुंभ राशि वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इन चार राशि वाले लोगों को जॉब और बिजनेस में संभलकर रहना होगा। तनाव और विवाद की स्थितियां बन सकती हैं। कामकाज में रुकावटें आ सकती हैं। धन हानि और सेहत संबंधी परेशानियां भी हो सकती हैं। कर्जा न लें। कामकाज में लापरवाही और जल्दबाजी करने से भी बचना चाहिए।

 

 

मंगल के अशुभ प्रभाव से बचने के लिए शहद खाकर ही घर से निकलना चाहिए। लाल चंदन का तिलक लगाएं। लाल फूलों से हनुमानजी की पूजा करें। सिंदूर लगाएं। मंगलवार के तांबे के बर्तन में अनाज भरकर हनुमान मंदिर में दान करना चाहिए। मसूर की दाल का दान करें। पानी में थोड़ा सा लाल चंदन मिलाकर नहाएं। इन उपायों की मदद से मंगल का अशुभ असर कम किया जा सकता है।