मौसम विभाग ने पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश को लेकर जारी किया अलर्ट

Author Picture
By Sharma Published On: February 16, 2023

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बरसात और बर्फबारी हो सकती है। अगले 5 दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में कोई खास बदलाव नहीं होगा। आईएमडी ने बताया कि 18 से 20 फरवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से छिटपुट वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। वहीं सभी क्षेत्रों में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है।

 

मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। पूरे हफ्ते के दौरान देश के किसी भी इलाके में शीतलहर की स्थिति नहीं रहेगी।

 

राजधानी दिल्ली में आज (गुरुवार) न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं मौसम साफ रहने की संभावना है। 17 फरवरी को न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है।

 

गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और जम्मू कश्मीर के ऊपरी इलाकों के साथ अरुणाचल प्रदेश में हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। सिक्किम, असम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बरसात संभव है। वहीं उत्तर पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भागों में दिन और रात के तापमान में वृद्धि होने का अनुमान है।