लापता हुआ जज का बेटा मिला नानी के घर

Author Picture
By Sharma Published On: January 24, 2023

ग्वालियर। प्रदेश के शाजापुर स्थित जिला कोर्ट में पदस्थ एक जज का 15 वर्षीय बेटा ग्वालियर के कंपू इलाके से लापता हो गया था। घटना एक दिन पहले की है। मामला कंपू थाना तक पहुंचा। जज का बेटा था इसलिए पुलिस ने पूरे शहर के सीसीटीवी कैमरे खंगाल मारे। कई जगह छात्र जाता हुआ दिखाई दिया। वह फुटेज में अकेला ही दिख रहा था। अभी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी कि सोमवार को छात्र के अपने नानी के घर पहुंचने का पता लगा है। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।

 

 

 

ग्वालियर के कंपू इलाका में अवाड़पुरा के पास न्यू वकील कॉलोनी निवासी एक जज शाजापुर की जिला कोर्ट में पदस्थ हैं। यहां उनका परिवार रहता है। उनका 15 वर्षीय बेटा शिवपुरी लिंक रोड स्थित लिटिल एंजिल स्कूल में दसवीं का छात्र है। एक दिन पहले छात्र अचानक अपने घर से लापता हो गया। उसके लापता होने का पता लगा तो परिजन ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन जब वह कहीं नहीं मिला तो कंपू थाना पहुंचकर मामले की सूचना दी। जज का बेटा होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और छानबीन शुरू की।

 

 

पुलिस ने इस मामले में अपहरण का मामला दर्ज किया था, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन है कि नाबालिग के लापता होने पर अपहरण का मामला दर्ज किया जाए। इसके बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों मंे पूरे शहर के सीसीटीवी कैमरे खंगाल मारे। कई फुटेज में छात्र दिखा था, लेकिन उसके साथ कोई और नहीं था। वह अपने आप ही जाता दिख रहा था। पुलिस अभी उसे तलाश कर रही थी कि सोमवार को पता लगा कि छात्र अपनी नानी के घर पहुंच गया है। पुलिस ने वहां पहुंचकर छात्र से बात करने का प्रयास किया है। छात्र ने घर क्यों छोड़ा था यह नहीं बताया है। पुलिस ने उससे ज्यादा पूछताछ नहीं की है। पुलिस का कहना है कि एक छात्र लापता हो गया था। जिसकी तलाश में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। छात्र मिल गया है। वह अपनी नानी के घर पहुंच गया था।