सास ने मोबाइल पर बात करने के लिए टोका, तो बहू ने कर दी सास की हत्या

Author Picture
By Sharma Published On: June 11, 2022

दमोह। दमोह में मोबाइल की दीवानगी में बहू ने सास की हत्या कर दी। मोबाइल पर बात करते समय सास उसे ताने देती थी। बुधवार को भी सास ने फोन पर बात करते समय बहू को टोका। बहू को इतना गुस्सा आया कि उसने सास को मोगरी से तब तक पीटा, जब तक की उसकी जान नहीं चली गई। पति के साथ शिकायत करने थाने भी गई। पुलिस को संदेह होने पर बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तब उसने हत्या करना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया है

 

 

घटना दमोह के हटा ब्लॉक के कौड़िया गांव की है। 19 साल की बहू चाइना वर्मन अकसर फोन पर बात करती रहती थी। मायके वालों से दिनभर बात करना सास नन्नीबाई(47) को पसंद नहीं था। वह उसे फोन पर कम बात करने और घर के कामों पर ध्यान देने को कहा करती थी। जिसे लेकर आए दिन दोनों में झगड़ा होता था। बुधवार को भी दोनों में इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। चाइना ने मोगरी उठाई और सास को पीटना शुरू कर दिया। गंभीर चोटें लगने से नन्नीबाई की मौत हो गई। चाइना ने पति को कॉल किया और बोली, मां खेत तरफ से घायल हालत में घर पहुंची है। बेटा घर आया तो मां को पलंग पर लहूलुहान पड़ी मिली। इसके बाद पति के साथ हटा पुलिस को शिकायत करने पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बेटा-बहू से बात की तो चाइना सहम गई, उस पर शक गहरा गया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो चौंकाने वाली कहानी सामने आई।

 

 

7 जून की शाम को बेटा जब काम से लौटा तो नन्नीबाई ने उससे बहू की शिकायत की थी। बेटे से बोली, बहू अपने पिता के पास दिल्ली जाने काे कह रही है। उसके हाथ से फोन छूटता ही नहीं है। रोज-रोज के विवाद से गुस्साए पति अजय वर्मन ने चाइना को डांटा और उसका मोबाइल छीन लिया। इससे वह तमतमा गई। वह सुबह होने का इंतजार करने लगी। 8 जून को जैसे ही पति काम पर गया तो बहू सास से भिड़ गई और उसकी हत्या कर दी। अजय ने बताया कि पत्नी ने फोन कर बताया कि मां मवेशी लेकर खेत गई थी। वहां किसी ने उन्हें पीट-पीटकर घायल कर दिया है। यह सुनते ही मैं काम छोड़कर घर पहुंचा। मां पलंग पर लहूलुहान पड़ी हुई थी। उसके सिर पर मारपीट से गहरे घाव हो गए थे। मां को उठाने की कोशिश की, लेकिन वह पलंग पर अचेत पड़ी हुई थी। इस पर मैं पत्नी के साथ थाने पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी।

 

हटा टीआई एचआर पांडे ने बताया कि चाइना वर्मन ने सास की हत्या करना कबूल कर लिया है। उसने बताया कि सास के तानों से तंग आ चुकी थी। जब भी वह अपने मायके वालों से फोन पर बात करती थी, तो सास लड़ती थी। पति से भी शिकायत करती थी, जिस कारण पति भी उसे डांटता था। उसे गुस्सा आ गया और उसने हत्या कर दी। गुरुवार को मामले का खुलाया हुआ।