अनाथ बालिका से करीबी रिश्‍तेदार ने किया दुष्‍कर्म

Author Picture
By Sharma Published On: December 20, 2022

भोपाल। राजधानी के देहात के एक थाने में 12 साल की बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित उसका करीबी रिश्तेदार है, जो करीब दो साल से उसका दैहिक शोषण कर रहा था। पुलिस ने दुष्‍कर्म, पोक्‍सो एक्‍ट की धाराओं के तहत एफआइआर दर्ज करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था।

 

सूखीसेवनिया थाने के थाना प्रभारी बीएस सेंगर के मुताबिक 12 साल 11 माह की बच्ची छठी कक्षा में पढ़ाई करती है। मां और पिता की मृत्यु के बाद वह अपनी एक महिला रिश्तेदार के घर पर रहती थी। वह अपनी महिला रिश्‍तेदार और उसके पति को ही मां और पिता मानती थी। जुलाई 2020 में महिला रिश्तेदार के 42 साल के पति ने बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था, उसके बाद से आरोपित लगातार दिसंबर 2022 तक बच्ची का शोषण कर रहा था। बच्ची के विरोध करने पर वह उसके साथ मारपीट करता था। वह उससे घर से बाहर भी नहीं जाने देता था। आरोपित बच्ची को धमका रहा था कि अगर इसके बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से खत्म कर देगा। इस कारण से बच्ची किसी को यह बता नहीं पा रही थी।

 

कुछ दिन पहले गरीब बच्चों को पढ़ाने के लिए बच्ची के घर के पास एसओएस बालग्राम की कार्यकर्ता पहुंची। जब इस संस्था से जुड़े लोगों ने उस बच्ची को देखा तो वह डरी-सहमी नजर आई। जब उन्‍होंने बच्‍ची की काउंसिलिंग की और उसके गुमसुम रहने का कारण पूछा, तब उसने अपने दैहिक शोषण की व्‍यथा सुनाई। इस पर एसओएस बालग्राम से जुड़े लोगों ने थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और पूरा घटनाक्रम बताया। पुलिस ने आरोपित पर दुष्कर्म, पोक्‍सो एक्‍ट की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।