उपद्रवियों के घरों पर पुलिस ने चलाया बुलडोजर

Author Picture
By Sharma Published On: June 27, 2022

मुरैना। मुरैना पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने पहले चरण के मतदान के दौरान गूंजबंधा गांव में मतपेटी लूटने का प्रयास करने वाले तीन लोगों के मकानों पर रविवार को बुलडोजर चला दिया। पुलिस ने तीनों घरों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। यह वही आरोपी हैं जिन्होंने न केवल मतपेटी लूटने का प्रयास किया था बल्कि पत्थर मारकर तहसीलदार राजकुमार नागौरिया को जख्मी किया था। बता दें, कि मतदान के दिन शनिवार को गूंजबंधा गांव में पोलिंग बूथ पर लगभग आधा सैकड़ा से अधिक लोगों ने हमला बोल दिया और मतपेटी लूटने का प्रयास किया। वे मतपेटी लूटकर जा ही रहे थे, उसी दौरान पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और उसने उपद्रवियों के कब्जे से मतपेटी छुड़ा ली। अपने मंसूबों में नाकामयाब होते देख उन लोगों ने पत्थरबाजी शुरु कर दी जिससे मौके पर मौजूद तहसीलदार राजकुमार नागौरिया के चेहरे पर एक पत्थर आकर लगा जिससे वे गंभीर रुप से घायल हो गए।

 

 

पुलिस ने इस कांड में 9 नामदर्ज व 50 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उपद्रवियों को खोजना शुरु कर दिया है तथा जो मुख्य आरोपी हैं उनके घरों को तोड़ना शुरु कर दिया है। जिन उपद्रवियों ने मतदान केन्द्र पर मेतपेटी लूटने का प्रयास किया था तथा तहसीलदार को पत्थर मारा था उनके घरों को तोड़ने की कार्रवाई की गई है। आगे भी जो लोग चुनाव के दौरान इस तरह की हरकतें करेंगे उनके घर भी तोड़े जाएंगे