पुलिसकर्मी ने अपने तीन साथियों को मारी गोली, तीनों की मौत

Author Picture
By Sharma Published On: July 18, 2022

नई दिल्ली। दिल्ली के रोहिणी में एक पुलिसकर्मी द्वारा अपने ही साथियों पर फायरिंग करने का चौंका देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने तीन साथियों पर ताबड़तोड़ गोली चलाकर सनसनी मचा दी। फायरिंग में उसके तीनों साथियों की मौत हो गई है। यह चौंका देने वाली वारदात दिल्ली के रोहिणी स्थित हैदरपुर वॉटर प्लांट के समीप सामने आई। अपने ही साथियों को गोली मारने वाला आरोपी सिक्किम पुलिस का जवान है। घटना के कुछ देर बाद ही पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया। घटना के पीछे फिलहाल आपसी झगड़े की वजह बताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी रोहिणी के हैदरपुर वॉटर प्लांट पर तैनात था। इस दौरान किसी बात को लेकर उसकी साथियों से कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने तीनों पर फायरिंग कर दी। वहां रहने वाले लोगों ने भी फायरिंग की आवाज सुनी थी। कुछ ही देर बाद इस खौफनाक वारदात के बारे में पूरे रोहिणी में चर्चा होने लगी।घटना में मारे गए लोगों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है।

दिल दहला देने वाली इस घटना में तीन लोगों ने अपनी जान गंवाई है। पुलिस ने बताया कि सिक्किम पुलिस के आरोपी जवान की फायरिंग में दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, एक गंभीर रूप से जख्मी को तत्काल अम्बेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।