5 हजार फीट ऊपर उड़ रहे विमान में उठा धुआं, यात्रियों में मची चीख पुकार

Author Picture
By Sharma Published On: July 2, 2022

जबलपुर। शनिवार की सुबह दिल्ली से जबलपुर के लिए उड़े स्पाइस जेट का विमान जब हवा पर करीब पांच हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचा तो विमान के अंदर धुआं उठने लगा। यात्रियों ने हादसे की आशंका भांपकर चिल्लाना शुरू कर दिया। विमान के पायलेट ने तत्काल वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान को लैंड किया। यात्रियों को भी फौरन विमान से बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों ने घटना का वीडियो भी मोबाइल से बनाया और इसे इंटरनेट पर वायरल कर दिया। इधर यात्रियों को दूसरे विमान से जबलपुर आने की व्यवस्था करने का प्रयास शुरू किया गया।

 

जबलपुर के वकील पंकज दुबे स्पाइस जेट के इस विमान से दिल्ली से जबलपुर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि विमान के भीतर धुआं उठता देखकर हर कोई दहशत में आ गया। डर लगा कि कहीं विमान में आग खतरनाक स्वरूप न ले ले। इस दौरान विमान में सवार बच्चे और बड़े घबरा कर चिल्लाने लगे। क्रू मेम्बर ने यात्रियों को आक्सीजन मास्क लगाने के निर्देश दिए। लेागों को घुटन महसूस होने लगी। घटना के वक्त विमान जमीन से करीब पांच हजार फीट की ऊंचाई पर था। हर कोई एक दूसरे को दिलासा देने में जुट गया।

 

स्पाइस जेट का विमान दिल्ली से उड़ान भरने के बाद सुबह 8.50 बजे जबलपुर आता है, लेकिन हादसे के बाद विमान को वापस दिल्ली में लैंड कराया गया। स्पाइस जेट कंपनी ने इस मामले में तकनीकी खराबी होना बताया है। विमान में करीब 70 यात्री सवार थे। जबलपुर में स्पाइस जेट के अधिकारी ने बताया कि 10.30 बजे की दूसरे विमान से यात्रियों को जबलपुर लाया जाएगा। हालांकि कुछ यात्रियों ने बताया कि उनके लिए अभी तक दूसरे विमान की व्यवस्था नहीं की गई है। इधर यात्री भी दिल्ली एयरपोर्ट में विमान का इंतजार करते रहे