लड़का और लड़की की शादी को लेकर परिवार के बीच चले लाठी-डंडे

Author Picture
By Sharma Published On: July 20, 2022

राजगढ़। राजगढ़ में झगड़ा प्रथा की लड़ाई गांव से सड़क पर आ गई। बीच रोड दो पक्षों में खूब लट्‌ठ चले। लड़के के पक्ष के 5 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल लाया गया। शिकायत पर लड़की पक्ष के 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कोतवाली थाने की पिपलोदी चौकी के अंतर्गत आने वाले जीरापुर गांव के रहने वाले बबलू तंवर (20) की शादी के लिए रिश्ता 5 साल पहले रघुनाथपुरा की एक लड़की से तय हुआ था। 5 साल बाद जब शादी की बात हुई तो लड़की वालों ने शादी से मना कर दिया। कहा- लड़का शक्ल-सूरत में अच्छा नहीं है। इसको लेकर बबलू तंवर के परिवार ने लड़कीवालों से नातरा झगड़ा प्रथा के तहत पैसे की मांग की। लड़की वालों ने रकम देने से मना कर दिया। इस बात पर मंगलवार सुबह रघुनाथपुरा गांव में दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ।

 

लड़के वाले राजगढ़ कोतवाली थाने में शिकायत करने आने लगे। इसी दौरान राजगढ़ के बस स्टैंड पर दोनों पक्ष के लोगों ने शराब पी। नशे में धुत होकर कहासुनी से नौबत मारपीट तक आ गई। दोनों पक्षों में राजगढ़ के बस स्टैंड के पास बीच हाईवे पर जमकर लट्‌ठ चले। मारपीट में लड़के पक्ष की ओर से बबलू तंवर सहित 5 लोग घायल हो गए।

 

झगड़ा प्रथा आदिवासी समाज में प्रचलित है। बच्चों की शादी मां-बाप बचपन में तय कर देते हैं। जब लड़के-लड़की समझदार होते हैं, तो वे एक-दूसरे को कई बार पसंद नहीं करते या समझ नहीं पाते हैं। ज्यादातर मामलों में लड़का, लड़की को छोड़ देता है या उससे छुटकारा पाने मारपीट करता है। या फिर लड़की खुद बचपन के पति को छोड़कर मायके या अपनी पसंद के युवक के साथ शादी कर लेती है। यह सब होने के बाद लड़के वाले लड़की के नए पति या पिता से झगड़ा (एक निश्चित रकम) वसूलते हैं।