सुनील शेट्टी ने खाए छोले-भटूरे, MP को लेकर कही ये बड़ी बात

Author Picture
By Sharma Published On: January 9, 2023

जबलपुर। सुपर स्टार सुनील शेट्टी को मध्यप्रदेश का खाना इतना पसंद आया कि उन्होंने पूरे परिवार के साथ ना सिर्फ खाना खाया, बल्कि प्रदेश की आबोहवा की भी जमकर तारीफ की। एक्टर अपने परिवार के साथ बीते दिनों मंडला के कान्हा घूमने आए थे। सड़क मार्ग से लौटते समय जबलपुर के पास उमरिया स्थित एक ढाबे में परिवार के साथ खाना खाया और मध्यप्रदेश की जमकर तारीफ की।

 

ढाबा संचालक दिलीप खत्री ने बताया कि 5 जनवरी को सुपर स्टार सुनील शेट्टी अपने परिवार के साथ मंडला से लौटते समय उनके ढाबे में रुके थे। इस दौरान उनका पूरा परिवार मौजूद था। सुनील शेट्टी करीब 1 घंटे तक परिवार के साथ रुके थे। ढाबा संचालक दिलीप खत्री ने जब उनसे पूछा तो उन्होंने वेज खाने की फरमाइश की। सुनील शेट्टी और उनके पूरे परिवार ने छोले भटूरे, आलू के पराठे खाए और लेमन जूस पीया।

 

ढाबा संचालक ने बताया कि सुनील शेट्टी कह रहे थे कि उन्हें यहां का खाना इतना अच्छा लगा कि है कि पेट भर गया है, पर आत्मा नहीं भरी है। उन्होंने मध्यप्रदेश के हरियाली की भी जमकर तारीफ की। सुनील शेट्टी ने कहा कि मुंबई की दौड़-धूप भरी जिंदगी से आपके मध्यप्रदेश की हरियाली और शांति बहुत अच्छी है। उन्होंने कहा कि अब तो बार-बार मन करता है कि वह मध्यप्रदेश आएं और यहां की हरियाली को देखें। करीब 1 घंटे तक ढाबा में रुकने के बाद सुनील शेट्टी अपने परिवार के साथ डुमना एयरपोर्ट गए और फिर वहां से मुंबई के लिए रवाना हो गए।