डैम में नहाने के लिए उतरा आरक्षक पानी में बहा, पुलिस तलाश में जुटी

Author Picture
By Sharma Published On: August 21, 2022

उमरिया। उमरिया जिले में लगातार बारिश के बाद नदी-नाले उफान में हैं। इस बीच चंदिया थाना क्षेत्र के ग्राम करहिया में बने डैम में नहाने गया पुलिस आरक्षक तेज बहाव में बह गया। जानकारी लगते ही चंदिया पुलिस मौके पर पहुंची और आरक्षक की तलाश में जुट गई। नदी उफान में होने के कारण आरक्षक को खोजने में दिक्कत हो रही है। मौके पर एसडीईआरएफ की टीम और अधिकारी पहुंच गए है। वहीं धनवाही में एक 12 साल का बच्चा नाले में बह गया। जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि जिला पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक प्रीतम बैगा (25) महानदी में बने करहिया डैम में नहाने के लिए उतरा था। महानदी के तेज बहाव में वह बह गया। इस घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब जमकर वायरल हो रहा है।

 

जानकारी मिलते ही चंदिया पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश में जुट गई। घटना शनिवार दोपहर लगभग 2 बजे की बताई जा रही है। मौके पर चंदिया पुलिस सहित गोताखोरों की टीम भी पहुंची है। वहीं महानदी का जल स्तर बढ़ता जा रहा है। जिसके कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है।

 

कोतवाली थाना क्षेत्र के धनवाही में 12 वर्षीय बालक के नरसरहा नाले में बहने की खबर आई है। जानकारी लगते ही कोतवाली पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंचकर बालक की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि शनिवार की दोपहर में बालक नाला पार कर घर जा रहा था। तभी नाले में तेज बहाव आया और 12 वर्षीय साहिल बह गया। पुलिस और गोताखोरों की टीम बालक को खोजने में जुटी हुई है। कलेक्टर और एसपी ने भी मौके का निरीक्षण किया और रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली।