मंदिर में युवती ने बनाई अश्लील गाने पर वीडियो

Author Picture
By Sharma Published On: October 4, 2022

छतरपुर। छतरपुर जिले के लवकुशनगर की प्रसिद्ध माता बम्बरबैनी मंदिर की सीढ़ियों पर एक लड़की ने सोशल मीडिया के लिए रील बनाई। फिल्मी गानों पर बने इन वीडियो को उसने हाल ही में सोशल मीडिया पर शेयर किया। जिसके बाद हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने मंदिर परिसर में अश्लील गाने पर कम कपड़ों में डांस करने को लेकर युवती पर कार्रवाई की मांग की है। वीडियो में दिख रही लड़की का नाम नेहा मिश्रा है, जो लवकुशनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली है, नेहा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है। उसके 4 लाख 12 हजार फॉलोअर्स हैं। उसने अपने साथी की मदद से मंदिर की सीढ़ियों पर यह वीडियो बनाया और इसे 1 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया।

 

युवती ने जिस समय यह वीडियो शूट किया था, उस समय माता बम्बरबैनी के दर्शन करने और जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालु भी आ-जा रहे थे। वीडियो में युवती फिल्म दबंग के गाने ‘मुन्नी बदनाम हुई’ पर डांस करती दिख रही है। इस दौरान उसने वेस्टर्स ड्रेस पहन रखी थी। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोग और हिंदू संगठन के सदस्य इसका विरोध कर रहे हैं।

 

डांस को लेकर विवाद बढ़ने पर नेहा ने माफी मांगी। नेहा ने सोमवार शाम को एक और वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया। इस वीडियो में नेहा ने कहा- मैंने माफी मांगी है, इस पर भी कुछ लोगों को आपत्ति है। माफी इसलिए मांगी है, क्योंकि माफी मांगने से कोई छोटा नहीं हो जाता। मैंने गलती की है, इसलिए माफी मांगी है। मेरी वजह से धार्मिक स्थल को ठेस पहुंची इसलिए मैंने माफी मांगी। किसी व्यक्ति से मैंने माफी नहीं मांगी है। आप लोगों को बता दूं, मुझे किसी की सोच से कोई फर्क नहीं पड़ता। बस धार्मिक स्थल को ठेस पहुंची है। मैं भी एक ब्राह्मण घर से हूं, ठीक है। मैं समझती हूं उन सब चीजों को। मैं भी मानती हूं। जिसको जो सोचना है मेरे माफी मांगने से सोचे, आई डोंट केयर। तुम क्या सोचते हो क्या नहीं, इससे मुझे फर्क नहीं पड़ता। लोगों का मुंह है भौंकना, सोचना। तो भौंको-सोचो जो करना है करो। मैंने गलती की मैंने माफी मांगी। ठीक है। तुम्हें जितना भौंकना है, भौंको। जलो मत बराबरी करो। जब बराबरी नहीं कर सकते, तो बुराई ही करोगे और बुराई करते-करते ही निपट जाओगे। ठीक है तुम लोग जो इतना जलते हो मुझसे ऐसे ही जलते रहो हम ऐसे ही बढ़ते रहेंगे।

 

 

बजरंग दल के जिला संयोजक जीतेन्द्र शर्मा ने कहा कि कुछ असभ्य लड़कियां चंद पैसों के लालच में देवी-देवताओं के मंदिरों में अश्लील वीडियो बनाती हैं। अर्धनग्न वस्त्रों का प्रदर्शन मंदिर की सीढ़ियों पर करती हैं, देवी देवताओं के मंदिरों की मान मर्यादा को भंग करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी लड़कियों का सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए। बजरंग दल पूर्ण रूप से ऐसे लोगों का विरोध करता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले कृत्य के लिए युवती को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। ऐसा नहीं करने पर थाने में केस दर्ज कराएंगे। इसको लेकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने विरोध जताया।