फ्रीज में बैठा हुआ मिला सांप, सांप को देखते ही महिला की सांस थम सी गई

Author Picture
By Sharma Published On: September 24, 2022

दमोह। किचन में सांप बैठने का एक मामला दमोह जिले के मडियादो गांव में सामने आया है। यहां एक गुप्ता परिवार के घर में फ्रिज के अंदर एक अजगर सांप बैठा दिखाई दिया। जैसे ही इस अजगर को घर के लोगों ने देखा तो मानो उनकी सांसे ही थम गई हो। फ्रिज को बाहर निकालकर एक युवक ने सांप को पकड़ा। हटा ब्लाक के मडियादो गांव के मुकेश गुप्ता के घर किचन में करीब एक महीने से फ्रिज के अंदर एक अजगर सांप बैठा हुआ था। शनिवार सुबह घर की महिला ने फ्रिज में अजगर सांप को देखा तो उसके होश उड़ गए और पूरे घर में दहशत फैल गई। फ्रिज को घर से बाहर निकाला गया और स्थानीय युवक नवीन खान की मदद से सांप को पकड़कर जंगल मे छोड़ा गया।

 

अजगर सांप पिछले एक महीने से फ्रिज के अंदर बैठा रहा और लोगों की नजर नहीं पड़ी। यहां सोचने वाली बात यह है कि एक महीने तक अजगर क्या खाता रहा होगा और जब घर के लोग फ्रिज खोलते होंगे, क्या उस समय उनकी नजर इस सांप पर नहीं पड़ी।

 

घर के लोगों ने बताया कि एक महीने पहले फ्रिज साफ किया था। उस समय यह सांप नहीं दिखाई दिया, उसके बाद पता नहीं वह कहां से फ्रिज के अंदर आ गया। फ्रिज के अंदर सांप का मल भी मिला है। मडियादो पन्ना टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आता है और यहां बड़ी संख्या में अजगर सांप हैं, जो आए दिन लोगों के घरों में पहुंच जाते हैं।