महिला ने होटल में किया जमकर हंगामा, विधायक और उद्योग मंत्री को लेकर कहीं ऐसी बातें 

Author Picture
By Sharma Published On: December 15, 2022

धार। धार जिले के बदनावर में एक होटल में बाहर से आई एक महिला ने जमकर बवाल काटा। उसने क्षेत्र के विधायक और मध्यप्रदेश के उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के लिए भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया। यह भी कहा कि वह उसे बर्बाद करने ही आई है। विवाद आईडी प्रूफ मांगने पर शुरू हुआ, ऐसा बताया जा रहा है। इस मामले में राजवर्धन सिंह दत्तीगांव की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, इस मामले में हंगामा करने वाली महिला ने ही दूसरा वीडियो जारी कर दत्तीगांव को सम्माननीय और आदरणीय बताकर वीडियो वायरल करने वालों को धमकाया है।

 

जो बात सामने आ रही है, उसके मुताबिक महिला एक अन्य पुरुष के साथ वहां पहुंची थी। वह दो कमरे चाह रही थी। लेकिन, आईडी प्रूफ मांगने पर आनाकानी करने लगी। इस पर खूब बहस भी हुई। वीडियो में तो महिला ने यह तक कह दिया कि राजवर्धन होगा आपका मंत्री, यहां आएगा तो पैर छुएगा मेरे भी। महिला ने खुद को मंत्री से भी बड़ा बताया। आईडी मांगने पर कहा कि पहचान देने मंत्री को यहां बुलाओ।

 

जब भाजपा नेता और होटल मालिक ने महिला से‎ कहा कि आप हमारे मंत्री के बारे में‎ इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं‎ कर सकती, वे हमारे राजा हैं।‎ इसके बाद महिला ने अपने‎ मोबाइल पर कोई वीडियो या फोटो दिखाया, जिसके बाद भाजपा नेता शांत हो गए। वीडियो बदनावर के‎ प्राचीश्री रिसोर्ट का बताया जा रहा है। इसमें महिला से बहस करने वालों में भाजपा नेता चंद्रभानसिंह सोलंकी और होटल मालिक नितिन नांदेचा हैं। ‎इस मामले में मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव से बात करने की कोशिशें की गई, लेकिन उन्होंने कॉल ही रिसीव नहीं किया।

 

 

वीडियो वायरल होने पर एक और वीडियो जारी हुआ। इसमें साक्षी पांडे नामक युवती ने कहा कि एक वीडियो मेरे नाम से फैलाया जा रहा है। उसका मुझसे और मंत्री राजवर्धन दत्तीगांव से कोई लेना-देना नहीं है। वीडियो झूठा है। मंत्री एक सम्मानित व्यक्ति हैं। वीडियो से मेरी व मेरे परिवार के सम्मान की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है। जो लोग वीडियो को वायरल करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।