लिव-इन में रह रहे युवक ने फांसी के फंदे पर झूल कर दी जान

Author Picture
By Sharma Published On: December 29, 2022

गुना। शहर के पुरानी छावनी इलाके में 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक एक महिला के साथ पिछले 2-3 महीने से लिव-इन में रह रहा था। महिला का उसके पति से तलाक हो चुका है और वह 5 बच्चों की मां है।

मूलत: जिले के जामनेर का निवासी कुलदीप उर्फ करण राजपूत शहर की पुरानी छावनी में एक महिला के साथ रहने आया था। महिला यहां करीब एक साल पहले आ चुकी थी। कुलदीप ने अचानक किराए के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना के समय महिला घर के बाहर मौजूद थी। जब तक वह कमरे में पहुंची, कुलदीप की मौत हो चुकी थी। महिला गादेर गांव की रहने वाली है। उसका विवाह राघौगढ़ क्षेत्र के बिदोरिया निवासी से हुआ था। दोनों के 5 बच्चे हैं। बाद में आपसी सहमति से उनका तलाक हो गया। इसके बाद महिला गुना आकर रहने लगी। कुछ समय पहले जामनेर का कुलदीप भी उसके साथ रहने लगा था। वह मजदूरी के जरिए जीवन यापन कर रहा था।

महिला ने पुलिस को बताया है कि उसका कुलदीप से आए दिन विवाद होता था, वह उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। उसे जाने से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। इस मामले में उसने कोतवाली पुलिस को शिकायती आवेदन भी दिया था। महिला यह नहीं बता पा रही है कि कुलदीप ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया है? इस घटनाक्रम की सूचना भी पड़ोसियों ने कोतवाली पुलिस को दी है। फिलहाल कुलदीप के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।