देव-दर्शन के लिए आई महिला से युवक ने किया दुष्कर्म

Author Picture
By Sharma Published On: July 22, 2022

भोपाल। भोपाल के नजीराबाद थाना इलाके पुलिस ने शाजापुर की रहने वाली एक 21 वर्षीय महिला की शिकायत पर नाय समन गांव के राहुल साहू नाम के युवक के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। देवधाम के दर्शन करने के लिए आई महिला ने वर्षा से बचने के लिए राहुल के घर में शरण ली थी। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

 

नजीराबाद थाना प्रभारी बीपीसिंह ने बताया कि शाजापुर की रहने वाली 21 वर्षीय महिला पति से अलग रहती है। महिला ने गुरुवार दोपहर को थाने आकर बताया कि वह पिछले चार साल से मन्नत मांगने देवापुरा स्थित देवधाम पर आती रहती है। हाल ही में उसकी गुजरात में नौकरी लग गई है। गुजरात जाने से पहले वह बुधवार दोपहर में पहले बैरसिया आई। इसके बाद देवापुरा पहुंची थी। देव स्थान पर दर्शन करने के बाद वह नाय समन गांव से बैरसिया जाने के लिए किसी साधन की तलाश कर रही थी। शाम हो चुकी थी और वर्षा भी होने लगी थी। उसने नाय समन गांव में साहू परिवार के लोगों से मदद मांगी। उन्‍होंने रात उनके घर पर रुककर गुरुवार सुबह बैरसिया चले जाने का सुझाव दिया। वह उनके घर पर रुक गई।

 

महिला का आरोप है कि रात के समय साहू परिवार के राहुल नाम के युवक ने डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने राहुल के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपित फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।