लग्जरी कार में चुराकर बकरियां ले गए चोर, घटना CCTV में कैद

Author Picture
By Sharma Published On: August 26, 2022

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में लग्जरी कार में बकरियों की चोरी का मामला सामने आया है। बकरियों की चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामला दिनारा थाना अंतर्गत थनरा चौकी क्षेत्र का है। जहां दीपू ढाबा से कार सवार चोर चार बकरियां चोरी कर ले गए। बकरी मालिक ने बकरियों की चोरी की शिकायत थाने में दर्ज कराई है।

 

जानकारी के अनुसार थनरा चौकी क्षेत्र के ग्राम जरगुबा निवासी गोपाल यादव पुत्र रामजी लाल यादव के घर के पास दीपू ढाबा पर एक कार आकर रुकी। कार से दो युवक उतरे और बकरियों को चना और केले खिलाने लगे, कुछ देर बाद दोनों युवकों ने रस्सियों के सहारे बकरियों को कार में खींच लिया और फरार हो गए। जब बकरियां नहीं मिली तो सीसीटीवी कैमरे में देखा गया, जिसमे चोर बकरियों को ले जाते दिखे।

 

बकरी मालिक ने कार से बकरी चोरी करने वालों की शिकायत की है। पुलिस लग्जरी कार से बकरी चोरी करने वाले चोरों को तलाश रही है। वहीं, बकरी पालक का कहना है कि अचानक कार सवार युवकों ने कार को रोका और बकरियां ले गए, उसकी दो बार तीन-तीन बकरियां चोरी हो चुकी हैं लेकिन अब तक किसी भी बकरी का नहीं पता चला।