वारंटी को पकड़ने गए एएसआई और आरक्षक पर फेंके खपरैल

Author Picture
By Sharma Published On: February 12, 2022

गुना। जिले के म्याना इलाके में वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। हमले में एक ASI और एक आरक्षक घायल हो गए। ASI के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल रैफर किया गया है। वहीं आरक्षक का इलाज म्याना स्वास्थ्य केंद्र में ही किया जा रहा है। पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रही है।

 

जानकारी के अनुसार म्याना थाने की पुलिस टीम लहरकोता में वारंटी को पकड़ने गई थी। घटना शनिवार सुबह 5 बजे के आस-पास की बताई जा रही है। जैसे ही टीम गांव में पहुंची, तो एक व्यक्ति ने खपरैल उठाकर टीम पर फेंकने शुरू कर दिए। एक व्यक्ति ने लुहांगी से ASI पवन शर्मा के ऊपर हमला कर दिया। लुहांगी सीधे उनके सिर में लगी। इससे वह वहीं पर गिर पड़े। एक आरक्षक भी घायल हो गए। पुलिस टीम ने भागकर बमुश्किल अपनी जान बचाई।

 

घायल ASI और आरक्षक को इलाज के लिए म्याना स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से ASI को गंभीर चोट होने से जिला अस्पताल रैफर किया गया है। उनका इलाज किया जा रहा है। उनके सिर में कई टांके भी आए हैं। इस मामले में पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।