मौसम विभाग का अलर्ट, MP के इन जिले में शीतलहर के आसार

Author Picture
By Sharma Published On: February 12, 2022

भोपाल। उत्तर में बर्फबारी के कारण मध्यप्रदेश में एक बार फिर ठंड ने जोर पकड़ लिया है। पचमढ़ी में रात का पारा गिरकर 2 डिग्री पर आ गया। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भोपाल और ग्वालियर में बीती रात तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आया। भोपाल में यह 8 डिग्री और ग्वालियर में 7 डिग्री के नीचे रिकॉर्ड हुआ। इंदौर में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री लुढ़ककर 9 के नीचे आ गया। जबलपुर में रात का पारा 1 डिग्री ऊपर चढ़कर 9 पर पहुंच गया।

 

मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि अगले दो दिन तक इसी तरह ठंड रहेगी। रविवार से एक नया सिस्टम बन रहा है। इससे तापमान में कुछ बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में रीवा, उमरिया, मंडला, बालाघाट, छतरपुर, बैतूल, खंडवा और उज्जैन के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

 

यहां हल्के बादल छाए रहे

उत्तर और राजस्थान में सिस्टम बनने से मध्यप्रदेश के कई इलाकों में हल्के बादल रहे। भोपाल, बैतूल, इंदौर, उज्जैन, सिंगरौली, जबलपुर, उज्जैन, बालाघाट, शहडोल, कटनी, पन्ना और अशोकनगर में बादल और सर्द हवाओं ने दिन का तापमान काफी नीचे ला दिया। भोपाल, विदिशा, धार, जबलपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, सिंगरौली, पन्ना, भिंड, अशोकनगर और शिवपुरी शीतलहर की चपेट में आ गए हैं।

 

प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडी रात पचमढ़ी में रही। छिंदवाड़ा, खजुराहो, मंडला, नौगांव, रीवा, उमरिया, बैतूल, ग्वालियर और रायसेन में भी रात ठंडी रही। यहां पर न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के नीचे रिकॉर्ड हुआ।