मौसम ने रोका सीएम शिवराज का हेलिकॉप्टर, मोबाइल से की चुनावी सभा

Author Picture
By Sharma Published On: February 12, 2022

भोपाल।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड में चुनावी सभा को मोबाइल फोन से संबोधित किया। CM शिवराज को नैनीताल से यमुनोत्री पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम की वजह से हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। विजिबिलिटी शून्य थी। CM दो घंटे तक इंतजार करते रहे। बाद में उन्होंने हेलिकॉप्टर के अंदर से ही सभा की।

 

उत्तराखंड में 14 फरवरी को मतदान है। चुनाव प्रचार का अंतिम दौर चल रहा है। मुख्यमंत्री की आज यमुनोत्री में चुनावी सभा थी। उन्होंने मोबाइल पर ही सभा करते हुए पार्टी के काम गिनाए। यमुनोत्री की जनता को कहा- आज नहीं आ पाया, अगली बार जरूर यमुनोत्री आऊंगा।

 

मुख्यमंत्री शिवराज ने यमुनोत्री की जनता को संबोधित करते हुए कहा- कांग्रेस से विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती। इनके नेता हरीश रावत तो इतनी बार हार चुके हैं उनका नाम ही हारदा पड़ गया है। राहुल गांधी उत्तराखंड में आकर झूठ बोलते हैं। उन्होंने कई वादे राजस्थान और पंजाब जैसे राज्यों में भी किए, एक भी नहीं निभाया। मां नैनी की पवित्र नगरी से हेलिकॉप्टर में बैठकर ही आपको वचन दे रहा हूं कि केदार रावत क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। जरूरत पड़ी तो शिवराज मामा भी पीछे नहीं रहेगा। मामा भी विकास में सहयोग करने आ जाएगा। तुमने पुकारा और हम चले आएंगे… दूर मत समझना। यमुनोत्री से केदार रावत BJP उम्मीदवार हैं।

 

यह पहला मौका नहीं है जब खराब मौसम की वजह से किसी नेता का हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका हो। इससे पहले AIMIM के नेता असदुद्दीन ओवैसी की देवबंद में जनसभा थी, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका भी हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका था।