पश्चिमी विक्षोभ फिर होगा सक्रिय, इन राज्यों में बारिश के आसार

Author Picture
By Sharma Published On: February 25, 2023

नई दिल्ली। देश के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है और तेज गर्मी महसूस हो रही है लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से एक बार फिर मौसम में बड़ा उलटफेर हो सकता है और आने वाले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट हो सकती है।

 

आईएमडी के मुताबिक महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के कुछ स्थानों में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से 37 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्व भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

 

गुजरात में भी आगामी दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ेगा। वहीं महाराष्ट्र में आने वाले दो से तीन दिनों में 2 ड्रिगी तापमान की बढ़ोतरी हो सकती है। भारत के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

 

इधर मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कुछ राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ में बारिश की संभावना जताई है। IMD के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 27 फरवरी तक बारिश या बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ तेजी से जम्मू-कश्मीर की तरफ बढ़ रहा है। इसके चलते पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के इलाकों में 28 से 2 मार्च तक हल्की वर्षा हो सकती है।