पति से झगड़ा हुआ तो पत्नी ने बच्चों को दिया जहर, 2 की मौत 

Author Picture
By Sharma Published On: July 1, 2022

धार। धार में पति-पत्नी के झगड़े ने दो मासूमों की जान ले ली। मजदूरी करने जयपुर गए पति का पत्नी से फोन पर इतना झगड़ा हुआ कि पत्नी ने अपने तीन बच्चों को पानी में घोलकर जहर पिला दिया। फिर खुद भी पी ली। इससे दो मासूमों की मौत हो गई। महिला और एक बच्ची का रतलाम में इलाज चल रहा है। घटना बदनावर के कोद गांव की है।

 

कोद निवासी ममता पति संतोष सिंदल ने गुरुवार दोपहर 12 बजे बेटी साक्षी (8), प्राची उर्फ परी (7) और बेटे कुणाल (3) को पानी में जहर मिलाकर पिला दिया और खुद भी पी लिया। कुछ देर बाद महिला और बच्चों को उल्टियां होने लगीं। ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए बदनावर लेकर आए। गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें रतलाम रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान प्राची ने दम तोड़ दिया। इसके बाद शाम 6 बजे साक्षी और कुणाल को इंदौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में कुणाल की भी मौत हो गई।

 

 

ममता और साक्षी का जिला अस्पताल रतलाम में इलाज चल रहा है। ममता का पति संतोष ट्रैक्टर चलाता है और वह पंद्रह दिन से जयपुर में है। संतोष के बड़े भाई दिलीप ने बताया कि ममता का मायका आलोट में है। बच्चों की दादी प्रेमबाई ने बताया कि उसका लड़का संतोष बाहर नौकरी कर रहा है। बच्चे, बहू पास में ही अलग मकान में रहते हैं।