विधवा महिला से दो युवकों ने किया दुष्कर्म, आरोपी फरार 

Author Picture
By Sharma Published On: September 4, 2022

दतिया। शहर की एक कॉलोनी में रहने वाली 26 साल की विधवा महिला के साथ उसके बच्चों के सामने दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने उसके दोनों बच्चों को मारने की धमकी देने के साथ ही दुष्कर्म का वीडियो भी बना लिया। बाद में आरोपियों ने वीडियो वायरल कर दिया। वायरल वीडियो की जब विधवा के परिजनों को जानकारी मिली तब पीड़िता कोतवाली पहुंची और आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया। वारदात के बाद से आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति की जनवरी में मृत्यु हो गई थी।

 

वह अपने दो बच्चों के साथ ससुराल में रहती है। 30 जुलाई की रात 10 बजे वह बच्चों के साथ घर में सो रही थी तभी किसी ने दरवाजा खटखटाया। महिला ने अंदर से ही आरोपियों से उनका परिचय पूछा तो दोनों ने उसके गांव का होना बताया। महिला ने दरवाजा खोलकर देखा तो गेट पर शुभम पुत्र करणजू दांगी निवासी सिंधवारी और भूपेंद्र पुत्र महेंद्र दांगी निवासी बम्होरी बराना जिला टीकमगढ़ खड़े थे।

 

गेट खुलते ही दोनों अंदर घुस आए और दरवाजा बंद कर महिला के साथ जबरदस्ती करने लगे। शोरगुल सुनकर महिला के बच्चे जाग गए और रोने लगे। आरोपियों ने बच्चों को मारने की धमकी दी। इससे महिला भयभीत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। यही नहीं, आरोपियों ने दुष्कर्म का मोबाइल से वीडियो भी बना लिया।