मैजिक और बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, दो लोग घायल

Author Picture
By Sharma Published On: November 20, 2022

सतना। सतना शहर में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, वहीं दो लोग घायल हुए हैं। तेज रफ्तार मैजिक और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत होने के बाद लंबा जाम भी लग गया। घटना के बाद मैजिक सवार वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस तलाश कर रही है।

 

जानकारी के अनुसार हादसा सतना शहर के ओवरब्रिज पर हुआ है। लोगों ने बताया कि शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन की सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हुई है। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दो घायल हो गए। दोनों को लोगों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल जिला अस्पताल पहुंचाया।

 

पुलिस के मुताबिक रीवा जिले के पिपरहा सेमरिया में रहने वाला विवेक कोल की अमौधा में ससुराल है। वह अपनी ससुराल आया हुआ था। शनिवार को वह बाइक (MP 17 MA 2790) पर अपने साले एवं एक अन्य युवक के साथ कहीं जा रहा था। ओवर ब्रिज पर सर्किट हाउस तरफ से तेजी से आ रही मैजिक उन्हें टक्कर मार दी। तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े, जबकि मैजिक सवार वाहन लेकर भाग निकला। विवेक घायल हुआ है। हादसे में उसके साले की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल और शव को मॉर्चरी भेजा। मैजिक के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम लग गया, जिसे घंटों की मशक्कत के बाद खोला जा सका।