जनपद अध्यक्ष की कार का टायर फटने से ट्रक से टक्कर , पत्नी की मौत

Author Picture
By Desk Input Published On: November 13, 2024

इटारसी। मंगलवार रात औबेदुल्लागंज-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग 46 पर केसला विकासखंड के पूर्व जनपद अध्यक्ष गणपत उइके की बोलेरो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अचानक बोलेरो का एक टायर फट गया, जिससे कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में पूर्व जनपद अध्यक्ष गणपत उइके गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

हादसे के समय कार गणपत उइके स्वयं चला रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही केसला थाना प्रभारी श्रीनाथ झरबड़े, डायल 100 स्टाफ और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंचे। राहगीरों की मदद से घायलों को सुखतवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर चोटों के कारण गणपत उइके को प्राथमिक उपचार के बाद इटारसी रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष गणपत उइके देवउठनी ग्यारस का त्यौहार मनाने दौड़ी झुनकर से बानाबीड़ गांव जा रहे थे। कार में उनकी 57 वर्षीय पत्नी अनोखी बाई और 16 वर्षीय नातिन सलोनी उइके भी साथ थीं। करीब 7 बजे सुखतवा के पास मॉडल स्कूल के पास कार का टायर अचानक फट गया। तेज गति के कारण गणपत उइके कार को नियंत्रित नहीं कर पाए, जिससे कार सड़क किनारे खड़े ट्रक (क्रमांक एमपी 09 G6394) से जा टकराई और उसमें फंस गई।

दुर्घटना में सलोनी को मामूली चोटें आईं, जबकि गणपत उइके के चेहरे और सिर पर चोट लगी है। उनकी पत्नी अनोखी बाई की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घायलों को 108 वाहन से सुखतवा अस्पताल पहुंचाया गया। सलोनी ने बताया कि वे सभी देवउठनी का त्यौहार मनाने बानाबीड़ा गांव जा रहे थे। केसला थाना प्रभारी श्रीनाथ झरबड़े के अनुसार, टायर फटने के कारण यह दुर्घटना हुई, और मामले की जांच जारी है।