इंदौर: सरकारी कॉलेजों की बदहाली पर ABVP का हल्ला बोल, उच्च शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन

Author Picture
By Partho Banarjee Published On: August 27, 2026

इंदौर के सरकारी कॉलेजों में व्याप्त अव्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर उच्च शिक्षा मंत्री के नाम एसडीएम को 18 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

छात्रों की बुनियादी जरूरतों का मुद्दा

ABVP महानगर मंत्री देवेश गुर्जर ने बताया कि कॉलेजों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, व्यवस्थित कक्षाएं, पुस्तकालय और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का भारी अभाव है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शैक्षणिक वातावरण के लिए जूझना पड़ रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन का आश्वासन

ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम घनश्याम धनगर ने छात्रों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री तक प्राथमिकता से पहुंचाया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच कुछ देर गहमागहमी भी देखने को मिली।