भोपाल में नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारी अब शांतिपूर्ण रास्ता अपना रहे हैं। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने मंगलवार को मिंटो हॉल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रार्थना सभा आयोजित करने का निर्णय लिया है।
व्यापारियों की स्थायी नीति की मांग
चैंबर के अध्यक्ष गोविंद गोयल के नेतृत्व में व्यापारी रामधुन गाकर सरकार से अपनी आजीविका बचाने के लिए एक स्थायी नीति की मांग करेंगे। व्यापारियों का तर्क है कि शहर के नियोजित विकास और रोजगार के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए स्पष्ट नियमों का होना अनिवार्य है।
बढ़ता जा रहा है विरोध
आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों पर हो रही कार्रवाई से शहर के कई इलाकों में व्यापारियों में भारी रोष है। एक तरफ नगर निगम का सर्वे जारी है, तो दूसरी तरफ कारोबारी अपने व्यवसाय की सुरक्षा के लिए सरकार से ठोस समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।