डबरा शहर में जर्जर सड़कों, बंद स्ट्रीट लाइट और यातायात जाम जैसी बुनियादी समस्याओं से परेशान दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रुप के पदाधिकारियों ने एसडीएम और नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शहर की बदहाल स्थिति में तत्काल सुधार और समयबद्ध समाधान की मांग की है।
सड़कों और नागरिक सुविधाओं का अभाव
ज्ञापन में ठाकुर बाबा रोड और जेल रोड समेत शहर की प्रमुख सड़कों की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए उनके पुनर्निर्माण की मांग की गई है। इसके साथ ही, महिलाओं के लिए सार्वजनिक प्रसाधन की कमी, नियमित सफाई व्यवस्था और अवैध बैनर-पोस्टर हटाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
समन्वय समिति के गठन का सुझाव
समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए ग्रुप ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की एक संयुक्त सलाहकार समिति बनाने का सुझाव दिया है। संगठन ने मांग की है कि अधिकारी इन समस्याओं का संयुक्त निरीक्षण करें और एक ठोस कार्ययोजना तैयार कर आम जनता को राहत प्रदान करें।