ग्वालियर में ढाबे की आड़ में चल रहा था जहरीला खेल, नकली पेट्रोल और शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़

Author Picture
By Partho Banarjee Published On: September 7, 2026

मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद आबकारी विभाग की सख्ती के दौरान ग्वालियर में एक बड़ा खुलासा हुआ है। मोहना थाना क्षेत्र स्थित महाकाल ढाबे पर छापेमारी में अवैध शराब के साथ-साथ नकली पेट्रोल बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई है। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

50 लाख का अवैध जखीरा बरामद

छापेमारी के दौरान टीम को मौके से 2600 लीटर इथेनॉल, भारी मात्रा में शराब, बीयर और 20 ड्रम पेट्रोल के साथ 18 ड्रम थिनर मिला है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है, जिसका उपयोग बड़े पैमाने पर अवैध कारोबार के लिए किया जा रहा था।

वाहनों के लिए घातक था नकली पेट्रोल

जांच में पता चला कि आरोपी इथेनॉल और थिनर मिलाकर नकली पेट्रोल तैयार करते थे और इसे हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को बेचते थे। ढाबा संचालक अनिल शर्मा समेत तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।