मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण सतना, पन्ना और छतरपुर जैसे जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, वहीं प्रमुख बांधों के गेट भी खोलने पड़े हैं।
28 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 24 घंटों के दौरान 4 इंच से अधिक बारिश होने की संभावना है, साथ ही तेज हवाएं और बिजली गिरने का भी अंदेशा है।
7 सितंबर तक रहेगा बारिश का सिलसिला
उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव के कारण राज्य में बादलों और बारिश का यह दौर 7 सितंबर तक जारी रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।