तरुण चुग ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी के अनुरोध और भोपालवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र

Author Picture
By Pratik Published On: August 11, 2026

रानी कमलापति स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने भोपाल के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। चुग ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता सुरेश पचौरी द्वारा भेजे गए अनुरोध को रेल मंत्री के समक्ष रखते हुए राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22222) का रानी कमलापति रेलवे स्टेशन (RKMP), भोपाल पर ठहराव देने का आग्रह किया है।

चुग ने अपने पत्र में कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने उन्हें अवगत कराया है कि रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के आसपास बड़ी संख्या में यात्री और स्थानीय नागरिक निवास करते हैं। ऐसे में राजधानी एक्सप्रेस का रानी कमलापति स्टेशन पर ठहराव होने से भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

चुग ने कहा कि रानी कमलापति स्टेशन भोपाल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में से एक है और यहां राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव यात्रियों की सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि इस मांग से बड़ी संख्या में यात्रियों को लाभ मिलेगा और उन्हें राजधानी एक्सप्रेस की बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सकेगी।

चुग ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आग्रह किया कि वे इस विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए राजधानी एक्सप्रेस के रानी कमलापति स्टेशन पर ठहराव की मांग पर आवश्यक कार्रवाई करें।

चुग ने जोड़ा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार रेलवे के आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार और देश के विभिन्न क्षेत्रों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए कार्य कर रही है। रानी कमलापति स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से भोपाल के यात्रियों को भी इस दिशा में महत्वपूर्ण सुविधा प्राप्त होगी।