बीजेपी निकाल रहा कलश यात्रा, तीन प्रकरण दर्ज, फिर भी कोई कार्यवाही नहीं

Author Picture
By Sharma Published On: September 12, 2020
tulsi silawat

भोपाल। आमतौर पर यह देखा जाता रहा है कि कांग्रेस में जंबो कार्यकारिणी और जंबो प्रभारी हुआ करते हैं, जबकि इसके उलट भाजपा में ऐसा नहीं होता है, लेकिन सांवेर उपचुनाव में सबकुछ बदल गया है, यहां पर प्रभारी और संयोजक मिलाकर अच्छे लोगों को जिम्मेदारी दी गई है। इस तरह की स्थिति भाजपा में पहले कभी भी देखने में नहीं आई है। भाजपा को अपने अनुशासन पर इतना विश्वास था कि वहां इस तरह की स्थितियां नहीं बनती थीं। पार्टी ने सांवेर उपचुनाव के लिए सबसे पहले विधायक रमेश मेंदोला को चुनाव प्रभारी बनाया था। इसके आदेश भाजपा के प्रदेश कार्यालय से जारी हुए थे, लेकिन अब यहां पर प्रभारी भी है, चुनाव संयोजक भी है और चुनाव संचालक अलग से है। हां इन सब की सहायता के लिए एक-एक सहायक भी नियुक्त किया गया है।

इस तरह से रमेश मेंदोला के साथ सह प्रभारी के रूप में जल संसाधन मंत्री और संभावित प्रत्याशी तुलसी सिलावट के साथ कांग्रेस से आए इकबालसिंह गांधी हैं, तो वरिष्ठ भाजपा नेता मधु वर्मा चुनाव संचालक बनाए गए हैं। उनके अलावा सावन सोनकर को उपचुनाव संयोजक बनाया गया है तो भाजपा नेता सुभाष चौधरी के निर्देशन में चुनाव लड़ा जा रहा है। इसके अलावा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने क्षेत्र के मंत्रियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी है। इस तरह से पर्यटन और संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर इस चुनाव की टीम की छठी सदस्य होंगी। इसके अलावा जिला अध्यक्ष राजेश सोनकर भी मौजूद ही हैं।

जिसे जनता की यात्रा बताया, उसे ही बताया पार्टी की सफलता

सांवेर विधानसभा में निकल रही नर्मदा कलश यात्रा को लेकर प्रकरण दर्ज होने के बाद जिला अध्यक्ष राजेश सोनकर ने इसे भाजपा की यात्रा होने से इनकार किया था। वहीं कल भाजपा ने इस यात्रा को लेकर पत्रकार वार्ता की और इसकी सिलता की जानकारी दी। इस वार्ता में शामिल संभावित प्रत्याशी जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, उपचुनाव प्रभारी विधायक रमेश मेंदोला, चुनाव संचालक मधु वर्मा और भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे सहित अनेक नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

तीन प्रकरण दर्ज, फिर भी निकली यात्रा

नर्मदा कलश यात्रा को लेकर कांग्रेस द्वारा शिकायत किए जाने के बाद प्रशासन ने अब तक तीन प्रकरण दर्ज किए हैं, लेकिन इसके बावजूद गुरुवार को एक बार किर कलश यात्रा निकली। गुरुवार को विधानसभा के मायाखेड़ी ग्राम, निगनोटी एवं निपानिया कांकड़ में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और यात्रा में सोशल डिस्टेंसिग और मास्क जैसी चीजें नदारद थीं।

ठाकुर पहुंचीं चुनावी बैठक में

बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने उपचुनाव के लिए मंत्रियों की जिम्मेदारी तय की थी, उसके बाद कल मंत्री उषा ठाकु र सांवेर उपचुनाव को लेकर आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक में पहुंचीं। उन्होंने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें मेरा बूथ सबसे मजबूत के सिद्धांत पर काम करते
हुए तुलसी सिलावट की जीत के लिए जुट जाना है। बैठक में युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा भी मौजूद थे।