एमपी में अब बढ़ेगी ठंड, इतने डिग्री तक लुढ़क सकता है रात का पारा

Author Picture
By Sharma Published On: October 25, 2021

भोपाल। वर्तमान में जम्मू-काश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक यह सिस्टम उत्तर भारत से आगे बढ़ जाएगा। इसके बाद हवा का रुख उत्तरी होने लगेगा। जिसके चलते उत्तर भारत की तरफ से आने वाली सर्द हवाओं से राजधानी सहित मध्यप्रदेश के अधिकांश जिलों में रात के तापमान में तीन से चार डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ सोमवार को उत्तर भारत से आगे बढ़ जाएगा। इस सिस्टम के आगे बढ़ते ही पाकिस्तान के मध्य में बना प्रेरित चक्रवात समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही हवाओं का रुख उत्तरी होना शुरू हो जाएगा। पिछले तीन दिनों से उत्तर भारत के पहाड़ों में बर्फबारी हो रही है। इससे उत्तर भारत के पहाड़ों में ठंड बढ़ गई है। मंगलवार से उत्तर भारत की तरफ से सर्द हवाएं मैदानी क्षेत्रों की तरफ चलेंगी। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो जाएगा।