कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई विवादित टिप्पणी के मामले में मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसता दिख रहा है। रिटायर्ड IFS अधिकारी आजाद सिंह डबास ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल को पत्र लिखकर मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और उनके खिलाफ अभियोजन की अनुमति देने की मांग की है।
राज्यपाल से हस्तक्षेप की अपील
डबास ने आरोप लगाया कि कैबिनेट ने मंत्री के खिलाफ केस चलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है, जिसके बाद उन्होंने राज्यपाल से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। उन्होंने मंत्री की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट में होने वाली आगामी सुनवाई का भी हवाला दिया है।
भ्रष्टाचार के पुराने मामलों पर भी सवाल
इस पत्र में कर्नल कुरैशी प्रकरण के अलावा वन मंत्री और जनजातीय कार्य मंत्री के रूप में विजय शाह के कार्यकाल पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। डबास ने तबादलों में अनियमितता, टाइगर रिजर्व में नियमों के उल्लंघन और विभागीय भ्रष्टाचार के पुराने मामलों की जांच की मांग की है।