मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में भव्य पंचायतन मंदिर का विधि-विधान से शिलान्यास किया। संतों की उपस्थिति में हुए इस अनुष्ठान के साथ ही मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सिंहस्थ 2028 से पूर्व एक भव्य ‘एकात्म यात्रा’ निकाली जाएगी, जो भारतीय ज्ञान और संत परंपरा का संदेश दुनिया तक पहुंचाएगी।
सनातन संस्कृति का केंद्र बनेगा एकात्म धाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारतीय आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक होगा। नागर शैली में बन रहे इस मंदिर में भगवान शिव मुख्य देवालय में विराजमान होंगे, जबकि चारों कोनों पर अन्य देवी-देवताओं के उप-देवालय स्थापित किए जाएंगे।
विश्वस्तरीय आध्यात्मिक केंद्र की दिशा में कदम
राज्य सरकार प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के धार्मिक स्थलों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। यह दिव्य धाम आने वाली पीढ़ियों के लिए चरित्र निर्माण और प्रेरणा का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।