मंडला और डिंडोरी क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण जबलपुर का बरगी बांध एक बार फिर पूरी तरह भर गया है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए प्रबंधन ने बांध के पांच गेट एक-एक मीटर खोलकर 760 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा है।
नर्मदा के घाटों पर प्रशासन की निगरानी
बांध से छोड़े गए पानी के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी के निचले इलाकों और घाटों पर अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को जलधारा के करीब न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।
लगातार पानी की आवक
बांध में लगातार 707 क्यूमेक पानी की आवक बनी हुई है, जिसके चलते सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जलस्तर में और वृद्धि होने पर निकासी की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है।