उज्जैन में नशे के खिलाफ आबकारी विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध शराब के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। विभाग की टीम ने शहर और ग्रामीण इलाकों के विभिन्न ढाबों व होटलों में छापेमारी की, जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई के दौरान 11 मामले दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
ढाबों और ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश
आबकारी कंट्रोल रूम प्रभारी मुकेश रंधा के नेतृत्व में टीम ने नागदा-उज्जैन बाईपास स्थित चामुंडा ढाबे पर अवैध शराब बिक्री पकड़ी। कार्रवाई के दौरान 40 किलो कच्ची शराब और 8 लीटर अन्य शराब जब्त की गई। टकरावदा में एक आरोपी टीम को देख मौके से फरार हो गया, जिसके खिलाफ अज्ञात में मामला दर्ज किया गया है।
विभिन्न इलाकों में जारी है धरपकड़
यह अभियान तराना, खाचरोद और बड़नगर तक फैला रहा। खाचरोद के पालना गांव में कन्हैया लाल बागरी को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि तराना में सेवाराम मालवीय और नेपालसिंह राजपूत को पकड़ा गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।