इंदौर के MY अस्पताल में हुए चर्चित ‘चूहाकांड’ की पहली बरसी पर जयस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। टंट्या भील चौराहे से अस्पताल तक निकाले गए इस मार्च को पुलिस ने मुख्य गेट पर ही रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की।
जवाबदेही और न्याय की मांग
जयस के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश मुजाल्दा ने एक साल बाद भी दोषियों पर ठोस कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई। संगठन ने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर विफलता करार देते हुए कहा कि केवल जांच से काम नहीं चलेगा, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
पुलिस घेराबंदी के बीच शांतिपूर्ण प्रदर्शन
अस्पताल गेट पर भारी पुलिस बल तैनात होने के बावजूद प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर नवजातों को श्रद्धांजलि दी और चेतावनी दी कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।