जबलपुर की बेटी और एमपी पुलिस की आरक्षक वर्षा पटेल ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा

Author Picture
By Partho Banarjee Published On: August 22, 2026

मध्य प्रदेश पुलिस में कार्यरत आरक्षक वर्षा पटेल ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा फहराकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। 21 अगस्त 2026 को 5,642 मीटर की ऊंचाई पर पहुंचकर उन्होंने न केवल भारत का गौरव बढ़ाया, बल्कि मध्य प्रदेश पुलिस का ध्वज भी गर्व से लहराया।

खराब मौसम को मात देकर हासिल की सफलता

माउंट एल्ब्रुस अभियान के दौरान वर्षा को कड़ाके की ठंड और बर्फीली हवाओं जैसी कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के बावजूद हौसला न हारते हुए उन्होंने 21 अगस्त की सुबह निर्धारित शिखर पर पहुंचकर अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया।

पर्वतारोहण में निरंतर बढ़ते कदम

वर्षा इससे पहले 2024 में ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोज़ियास्को भी फतह कर चुकी हैं। बेसबॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुकीं वर्षा का अब लक्ष्य दुनिया के सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराना है, जिसके तहत अगला पड़ाव अफ्रीका की माउंट किलिमंजारो होगी।